मुहाना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन चोरी की वारदात का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
मुहाना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन चोरी की वारदात का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि मुहाना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मंदिर के बाहर से चोरी हुई थी बाइक
मामले के अनुसार, परिवादी महेश सैनी (निवासी चंदलाई, शिवदासपुरा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि डिग्गी रोड स्थित श्री राम मंदिर अभयपुरा अचरावाला के बाहर से उनकी मोटरसाइकिल (RJ14HU2678) चोरी हो गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।
200 से अधिक CCTV कैमरों की जांच के बाद सफलता
घटना के बाद इलाके के रास्तों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस टीम (विशेष भूमिका: हेड कांस्टेबल कानसिंह एवं हेड कांस्टेबल भंवर लाल) ने तकनीकी दक्षता और पतारसी के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर आरोपी शंकर चौधरी (22 वर्ष, निवासी गोपालनगर हरसुलिया, थाना रेनवाल मांझी) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ रेनवाल मांझी थाने में चोरी और विद्युत अधिनियम के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
Comments
Post a Comment