जयपुर पुलिस (दक्षिण) का बड़ा एक्शन: एक दिवसीय विशेष अभियान में 111 अपराधी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस (दक्षिण) का बड़ा एक्शन: एक दिवसीय विशेष अभियान में 111 अपराधी गिरफ्तार
देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, स्मैक और अवैध शराब बरामद; 19 नए मामले दर्ज
जयपुर (विशेष संवाददाता):
संगठित अपराधों और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के जयपुर दक्षिण जिले में चलाए गए एक दिवसीय विशेष अभियान ('एरिया डोमिनेशन') के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में चलाई गई इस मुहिम के दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 111 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
19 नए मामले दर्ज, बड़े पैमाने पर धरपकड़
पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा (RPS) के सुपरविज़न में समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP), थानाधिकारियों, जिला स्पेशल टीम (DST) तथा साइबर सेल की टीमों का गठन कर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 19 नए प्रकरण दर्ज किए हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम के 12, आर्म्स एक्ट के 4, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट का 1 तथा 13 आरपीजीओ का 1 मामला शामिल है।
अभियान के तहत की गई प्रमुख गिरफ्तारियां:
* वांछित एवं वारंटी: विभिन्न प्रकरणों में वांछित 25 मुल्जिम, 170 बीएनएसएस (BNSS) में 54, 12 स्थाई वारंटी, 20 गिरफ्तारी वारंटी और 4 अन्य प्रकरणों के अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
* आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार): आर्म्स एक्ट में 4 मामले दर्ज कर 1 देसी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और 2 धारदार चाकू बरामद किए गए। इसमें धर्मेंद्र उर्फ टाइगर (डीग), शाहरुख़ (सोडाला), कानाराम (शिवदासपुरा/सिरोही) तथा कन्हैया लाल (भांकरोटा) को गिरफ्तार किया गया है।
* एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ): ज्योति नगर थाना पुलिस ने कठपुतली कॉलोनी निवासी रूडाराम पुत्र मातादीन सांसी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.54 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) जब्त की।
* आबकारी अधिनियम (अवैध शराब): अवैध शराब बेचने व तस्करी के मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें महेश नगर, शिवदासपुरा, ज्योति नगर, श्याम नगर, नारायण विहार, भांकरोटा, मानसरोवर, पत्रकार कॉलोनी तथा शिप्रापथ थाना क्षेत्रों से कृष्णा केवट, कालूराम बावरिया, श्रसाल बावरिया, अब्दुल वहीद, लक्ष्मी देवी, चंद्रकला देवी, हेमराज, अंकित, पवन कुमार, सुनील सांसी, पूजा सांसी और राधेश्याम शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


Comments
Post a Comment