विदेशी महिला पर्यटकों की अश्लील फोटो खींचने और फब्तियां कसने वाला आरोपी गिरफ्तार, कालिका पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई
विदेशी महिला पर्यटकों की अश्लील फोटो खींचने और फब्तियां कसने वाला आरोपी गिरफ्तार, कालिका पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई
जयपुर (देश का दर्पण)।
राजधानी जयपुर में विदेशी महिला पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हवामहल के सामने देशी-विदेशी महिला पर्यटकों की बिना अनुमति फोटो खींचने और उन पर अशोभनीय कमेंट करने वाले एक आरोपी को पुलिस की विशेष 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' ने रंगे हाथों धर दबोचा।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में जयपुर शहर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम (श्रीमती लक्ष्मी, ज्योति, राकेश और कपिल) 13 अक्टूबर को थाना माणकचौक क्षेत्र में गश्त पर थी।
गश्त के दौरान टीम ने देखा कि हवामहल के पास एक व्यक्ति महिला पर्यटकों के पास से गुजरते समय उन पर अश्लील फब्तियां कस रहा है और छिपकर उनकी फोटो खींच रहा है। कालिका टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही रोककर पूछताछ की और उसका मोबाइल फोन चेक किया। मोबाइल की जांच करने पर उसमें कई पर्यटक महिलाओं और बालिकाओं की तस्वीरें पाई गईं।
अहमदाबाद का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से पर्यटकों की तस्वीरें डिलीट करवाईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरोज खान (40 वर्ष), निवासी अहमदाबाद (गुजरात), हाल निवासी जयपुर को गिरफ्तार कर थाना माणकचौक के सुपुर्द कर दिया।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कालिका टीम की विशेष गश्त
टूरिस्ट सीजन को ध्यान में रखते हुए जयपुर पुलिस द्वारा प्रमुख पर्यटन स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टलों, मॉल्स और पार्कों के आसपास कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की विशेष तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे महिलाओं की निजता और सुरक्षा का सम्मान करें।
24 घंटे एक्टिव है 'निर्भया हेल्पलाइन'
पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के निम्नलिखित नंबर सेव रखने की अपील की है:
हेल्पलाइन नंबर: 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093, 8764866094
सुविधा: किसी भी आपात स्थिति या छेड़छाड़ की घटना पर इन नंबरों पर 24 घंटे कॉल, मैसेज, ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग भेजकर तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।


Comments
Post a Comment