अमेरिकी नागरिकों से ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश*
*अमेरिकी नागरिकों से ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश*
*भांकरोटा में फर्जी टेक्निकल सपोर्ट कॉल सेंटर पर दबिश, 10 व्यक्तियों को किया डिटेन, करोड़ों रुपयों की करते थे ठगी*
*19 मोबाइल, 12 लैपटॉप और भारी मात्रा में लैपटॉप एक्सेसरीज बरामद*
*X-Lite सॉफ्टवेयर, TFN नंबर और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए संचालित हो रहा था ठगी का नेटवर्क*
जयपुर, 20 अक्टूबर। जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल एवं स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओमप्रकाश के निर्देशन में जयपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को भांकरोटा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक कॉल सेंटर पर दबिश देकर 8 युवकों एवं 2 युवतियों सहित कुल 10 व्यक्तियों को डिटेन किया गया है।
*तकनीकी सहायता के नाम पर करते थे ठगी*
स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आईफोन की तकनीकी समस्या दूर करने के नाम पर अमेरिकी नागरिकों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों की गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। श्री ओमप्रकाश ने बताया कि कॉल सेंटर में कार्यरत व्यक्ति X-Lite सॉफ्टवेयर एवं TFN नंबरों के माध्यम से अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करते थे। आईफोन में तकनीकी समस्या आने पर उसका समाधान करने के नाम पर ग्राहकों को बातचीत में उलझाया जाता था तथा उनसे सहायता के नाम पर शुल्क वसूला जाता था।
*बैंक अधिकारी बनकर हासिल करते थे बैंक खातों की जानकारी*
स्पेशल पुलिस कमिश्नर बताया कि गिरोह में शामिल एक युवती बैंक अधिकारी बनकर ग्राहकों से बातचीत करती थी और उन्हें विश्वास में लेकर उनके बैंक खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल करती थी। इसके बाद बैंक खातों की जानकारी टेलीग्राम ग्रुप में साझा की जाती थी। गिरोह के संचालक इन जानकारियों का दुरुपयोग कर खातों से रकम निकाल लेते थे।
*मौके से 19 मोबाइल और 12 लैपटॉप बरामद*
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से 19 मोबाइल फोन, 12 लैपटॉप तथा भारी मात्रा में लैपटॉप एक्सेसरीज बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह द्वारा अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपए की ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। मामले में गिरोह के संचालकों, नेटवर्क तथा ठगी की रकम के संबंध में गहन जांच की जा रही है।
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि सीएसटी की एनडीपीएस टीम की सूचना पर कॉल सेंटर पर दबिश दी गई। साथ ही, अग्रिम कार्रवाई के लिए भांकरोटा थाना पुलिस को डिटेन किए गए सभी व्यक्तियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में गिरोह के अन्य संपर्कों, संचालकों तथा वित्तीय लेनदेन से संबंधित पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
*इन्हें किया गया डिटेन*
हर्ष चौहान (27 वर्ष) पुत्र श्री दिनेश चौहान, निवासी गांव खेड़ी सुल्तान, जिला झज्जर, हरियाणा।
कृष्ण (28 वर्ष) पुत्र श्री देव, निवासी गांव नलबाड़ी, जिला बक्सा, असम।
आकाशी लाबा (30 वर्ष) पुत्र श्री राजीव लाबा, निवासी गांव खोपलासी, जिला दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल।
खोजा (27 वर्ष) पुत्र श्री मातीतशी, निवासी गांव पोखमंजरी, जिला मेलयूरी, नागालैंड।
केवी (24 वर्ष) पुत्र श्री जैपोनी, निवासी गांव अखीको, जिला मेलयूरी, नागालैंड।
निशांत (24 वर्ष) पुत्र श्री संजय, निवासी गांव फरुखनगर, जिला गुरुग्राम, हरियाणा।
रविंद्र कुमार (31 वर्ष) पुत्र श्री राजपाल सिंह, निवासी गांव पाटोदा, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा।
अंकित (24 वर्ष) पुत्र श्री सुरेश, निवासी गांव खेड़ी सुल्तान, जिला झज्जर, हरियाणा।
दिया गुरुजी (25 वर्ष) पुत्री श्री सुरजू गुरुजी, निवासी गांव खोपलासी, जिला दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल।
लिशीनी (25 वर्ष) पुत्री श्री अदानी, निवासी गांव मऊ, जिला सेनापति, मणिपुर।
Comments
Post a Comment