सीएसटी की डॉग स्क्वाड के साथ एरिया डोमिनेशन के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाइयां*
*सीएसटी की डॉग स्क्वाड के साथ एरिया डोमिनेशन के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाइयां*
*11 किलो गांजा और 7 पेटी अवैध शराब बरामद*
*बिहार से गांजा लाकर जयपुर में स्थानीय ड्रग पेडलर्स के जरिए नवयुवकों तक पहुंचाता था आरोपी*
*चुनाव में वितरण के लिए ले जाई जा रही थी अंग्रेजी और देशी शराब, कार जब्त*
जयपुर, 21 अक्टूबर। पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल एवं स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओमप्रकाश के निर्देशन में जयपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएसटी टीम ने गुरुवार को एरिया डोमिनेशन के तहत डॉग स्क्वायड टीम्स के साथ शहर के लगभग 50 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की गई। विभिन्न इलाकों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 11 किलो से अधिक गांजा और चुनाव में वितरण के लिए ले जाई जा रही 7 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोपियों को दस्तयाब करने के साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा हैरियर कार को जब्त कर चालक को भी दस्तयाब किया है।
*बिहार से गांजा लाकर जयपुर में करता था सप्लाई*
स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओमप्रकाश ने बताया कि एनडीपीएस यूनिट के माध्यम से प्रताप नगर थाना इलाके में गांजा तस्करी के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर सीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहनवाज के कब्जे से 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी की पहचान शाहनवाज पुत्र मोहम्मद कैयूम, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 06, निजाम चौक के पास, भगवानपुर, जिला सुपौल, बिहार, हाल निवासी ओम शिव रेजीडेंसी, हनुमान मंदिर के पीछे, पुलिस थाना प्रताप नगर, जयपुर के रूप में हुई है।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बिहार से गांजा लाकर जयपुर में स्थानीय ड्रग पेडलर्स के माध्यम से नवयुवकों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीएसटी टीम ने आरोपी और बरामद गांजे को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना प्रताप नगर को सुपुर्द किया है।
*चुनाव में वितरण के लिए ले जाई जा रही थी शराब*
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि वहीं दूसरी ओर बगरू क्षेत्र में सीएसटी टीम ने टाटा हैरियर कार से अवैध शराब का परिवहन करते हुए पांच पेटी अंग्रेजी शराब और दो पेटी देशी शराब बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि शराब चुनाव में वितरण के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस टीम ने शराब जब्त करने के साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा हैरियर कार को भी जब्त किया है।
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि कार चालक ललित चौधरी पुत्र हनुमान चौधरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी गंगाती कला, थाना मोजमाबाद, जयपुर ग्रामीण को दस्तयाब किया गया। आरोपी चालक और जब्त शराब व वाहन को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना बगरू के सुपुर्द किया गया है। मामले में पुलिस थाना बगरू द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही विद्याधर नगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पिंटू पत्नी रोशन उम्र 40 वर्ष जाति सासी निवासी मकान नंबर 524 बापू नगर जेडीए कच्ची बस्ती मंदिर मोड पुलिस थाना विद्याधर नगर से गांजे की 40 पुड़िया बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी और जब्त सामग्री को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना विद्याधर नगर को सुपुर्द किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्यवाहियां अनवरत जारी रहेगी।





Comments
Post a Comment