जयपुर पश्चिम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन साइक्लोन में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार





जयपुर पश्चिम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन साइक्लोन में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 7 अगस्त। जयपुर पश्चिम पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइक्लोन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी RRREXCH777.COM और TRUBET-COM जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आईडी लेकर सट्टा खेलते थे और अन्य लोगों को भी ऑनलाइन आईडी उपलब्ध करवाकर हार-जीत का सट्टा खिलाते थे। आरोपी विभिन्न बैंक खातों और ऑनलाइन पेमेंट माध्यमों के जरिए रकम का लेन-देन करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 3 आईपैड, 4 वाई-फाई राउटर, 7 एटीएम कार्ड, 2 चेकबुक, 2 पासपोर्ट और 3 हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं। डायरियों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। मामले की तकनीकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित मेहता (20) निवासी भीलवाड़ा और वर्तमान में जयपुर तथा सिद्धार्थ संभव (25) निवासी देवली, टोंक और वर्तमान में जयपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अब जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। जांच के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और संभावित लाभार्थियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर पश्चिम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गेमिंग प्लेटफॉर्म पर पैसे निवेश न करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।




Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19