जयपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जेडीए भूखंड फर्जी रजिस्ट्री मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
जयपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जेडीए भूखंड फर्जी रजिस्ट्री मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 5 अगस्त। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने जेडीए की आवासीय योजना के भूखंड की फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेडीए के एक दलाल और एक संविदाकर्मी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर मूल पट्टा चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और भूखंड की अवैध रजिस्ट्री कराने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण ने बताया कि रेनवाल मांजी क्षेत्र में आवंटित जेडीए भूखंड के मूल पट्टे को रिकॉर्ड से चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और फिर षड्यंत्रपूर्वक भूखंड की रजिस्ट्री कर उसे बेच दिया गया। मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस ने 3 अगस्त को जयपुर से संजय धानका (34), जो जेडीए का दलाल है, तथा रतन सिंह गुर्जर (36), जो जेडीए में संविदाकर्मी है, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर जेडीए रिकॉर्ड से मूल पट्टा चोरी करवाया और फर्जी रजिस्ट्री कराने में अहम भूमिका निभाई।


Comments
Post a Comment