जयपुर की पुरानी हवेली से मिले गुप्त खजाने को खुर्द-बुर्द करने का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
66.400 किलो चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद, हवेली तोड़ने के दौरान मिले थे चांदी के सिक्के और स्वर्ण कलश
जयपुर। माणकचौक थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर उत्तर ने करीब 10 महीने पुरानी गुप्त खजाने को खुर्द-बुर्द करने की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66.400 किलोग्राम वजन की चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद कर जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, विद्याधर का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार स्थित भवन नंबर 630 को तोड़कर नया भवन बनाने के दौरान कथित तौर पर कीमती सामान मिला था। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें करीब 10-15 चांदी की सिल्लियां, 14-15 स्वर्ण कलश जिनमें सोने के सिक्के भरे होने की बात कही गई तथा करीब 8,000 से 10,000 पुराने चांदी के सिक्के शामिल थे। आरोप है कि यह सामान भवन मालिक को सौंपने के बजाय आरोपियों ने आपस में मिलकर खुर्द-बुर्द कर दिया।
मामले की जांच में पुलिस के सामने बड़ी चुनौती यह थी कि घटना करीब 10 महीने पुरानी थी और इस दौरान भवन को तोड़कर नया निर्माण भी हो चुका था। मौके पर तत्कालीन साक्ष्य और सीसीटीवी उपलब्ध नहीं थे। पुलिस टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी जांच, सीडीआर और मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी की दो सिल्लियां बरामद कीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी खुलासे और बरामदगी की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी:
महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू
जगदीश राजोरिया
ओमप्रकाश खीची उर्फ पप्पू
अनुज अरोड़ा
रजनी मल्होत्रा
पुलिस की कार्रवाई माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया और डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
https://www.instagram.com/reel/DbyCozJhKBg/?igsh=MXhrZG44Z2Rla2tjNw==










Comments
Post a Comment