जयपुर में जेल के बाहर बैग चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में जेल के बाहर बैग चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 6 अगस्त। जयपुर पूर्व के लालकोठी थाना पुलिस ने केंद्रीय कारागृह के बाहर मुलाकात के लिए आने वाले लोगों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन—आईफोन 13 प्रो और ओप्पो रेनो 8टी—बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को एक व्यक्ति अपने भाई से मिलने केंद्रीय कारागृह गया था। मुलाकात के दौरान उसने अपना बैग बाहर रखा, जिसमें दो आईफोन, एक ओप्पो मोबाइल, नकदी और अन्य सामान था। मुलाकात के बाद लौटने पर बैग गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध बैग ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीसीपी जयपुर पूर्व के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गणेश गुर्जर, वसीम और जगमोहन उर्फ समुंदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गणेश गुर्जर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी, डकैती की साजिश और अन्य आपराधिक मामलों के कई प्रकरण दर्ज हैं।


Comments
Post a Comment