जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा
जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘साइबर शील्ड’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास मिले बैंक खातों के विश्लेषण से एक करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी सामने आई है। वहीं 1930 साइबर पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से प्राप्त 8 शिकायतों में आरोपियों द्वारा करीब 2.50 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ‘100 PANEL’ और ‘RAMESH247.COM’ नाम की वेबसाइटों पर ऑनलाइन गेमिंग का लालच देते थे। लोगों को गेमिंग और निवेश के नाम पर फंसाकर पहले उनकी आईडी बनाई जाती थी। इसके बाद व्हाट्सऐप के जरिए बैंक डिटेल और दस्तावेज हासिल किए जाते थे। आईडी बनाने के नाम पर शुरुआती तौर पर 500 रुपये लिए जाते थे और बाद में लोगों से ऑनलाइन गेमिंग व निवेश के नाम पर रकम जमा कराकर ठगी की जाती थी।
पुलिस टीम ने संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल, एटीएम की सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद फर्जी कॉल सेंटर का पता लगाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में साइबर ठगी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
भारी मात्रा में सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 3 लैपटॉप, 6 चेकबुक, 24 एटीएम कार्ड, 3 पासबुक, 10 सिम कार्ड, 2.50 लाख रुपये का भरा हुआ चेक, एक एयरटेल वाई-फाई, 3 पैन कार्ड और 4 आधार कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
मामले में थाना भांकरोटा में प्रकरण संख्या 545/2026 दर्ज कर BNS की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
जयपुर दक्षिण पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश के नाम पर चल रहे साइबर ठगी के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है।
Comments
Post a Comment