जयपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार
जयपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार
जयपुर, 5 अगस्त। जयपुर ग्रामीण के फुलेरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमना स्वीकार किया।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 4 अगस्त की रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फुलेरा स्थित राजकीय गर्ल्स कॉलेज के पास एक व्यक्ति अवैध बंदूक लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुकेश उर्फ राजू बावरिया (37) निवासी भांकरोटा, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बरामद टोपीदार बंदूक का कोई लाइसेंस नहीं मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह चोरी की नीयत से क्षेत्र में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुछ समय पहले ही जेल से छूटकर आया था और उसके खिलाफ पहले से भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद अवैध हथियार को जब्त कर लिया गया है।


Comments
Post a Comment