पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की बड़ी साजिश नाकाम: 'भाईराज ग्रुप' के 28 सदस्य गिरफ्तार विरासत पैराडाइज में गुप्त बैठक की तैयारी के दौरान पुलिस ने मारा छापा मतदाताओं को डराने-धमकाने और अशांति फैलाने का था प्लान
पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की बड़ी साजिश नाकाम: 'भाईराज ग्रुप' के 28 सदस्य गिरफ्तार
विरासत पैराडाइज में गुप्त बैठक की तैयारी के दौरान पुलिस ने मारा छापा
मतदाताओं को डराने-धमकाने और अशांति फैलाने का था प्लान
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मनोहरपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मनोहरपुर / जयपुर ग्रामीण:
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जयपुर ग्रामीण पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। मनोहरपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह ‘भाईराज ग्रुप’ द्वारा चुनाव को प्रभावित करने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया और मौके से गिरोह के 28 सदस्यों को धर दबोचा।
सोशल मीडिया से बुलाई गई थी गुप्त बैठक
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा लाखन सिंह व वृत्ताधिकारी शाहपुरा लक्ष्मीनारायण सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी मनोहरपुर आशुतोष सिंह (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस को गुप्त सूचना (आसूचना) मिली कि 'भाईराज ग्रुप' के मुख्य संचालक सोशल मीडिया के जरिए अपने साथियों को गुप्त संदेश भेजकर मनोहरपुर स्थित ‘विरासत पैराडाइज’ में एक अहम बैठक के लिए एकत्रित कर रहे हैं। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत चुनावों में धनबल और बाहुबल के दम पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देना, मतदाताओं को डराना-धमकाना और अशांति फैलाना था।
बैठक शुरू होने से पहले ही घेराबंदी कर दबोचा
सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए विरासत पैराडाइज की चारों तरफ से घेराबंदी की और बैठक शुरू होने से पहले ही अचानक छापा मारकर भाईराज ग्रुप के 28 सक्रिय सदस्यों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ व जांच में सामने आया कि गिरोह का सक्रिय सदस्य अमर सिंह सीधे-सादे युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपराध की दुनिया में धकेलने व गिरोह से जोड़ने का काम कर रहा था।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में अमर सिंह, अजय जाट, टिंकु जाट, विक्रम यादव, देशराज मीणा, समीर खान, राहुल गुर्जर, सुमित कुमावत, करण यादव, नितिन मीणा, श्याम सुन्दर मीणा, मोहम्मद नईम, आहद अंसारी, चन्द्रमोहन, सुरज हरितवाल, अनिश जाट, मनभावन यादव, अरुण जाट, अंकित चौधरी, सचिन यादव, हिमांशु यादव, मदन गुर्जर, प्रदीप वर्मा, जितेन्द्र निठारवाल, कानाराम, मनीष लाम्बा, विकास कुमार डुडी और विक्रम जाट शामिल हैं। इनमें जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के अलावा उत्तर प्रदेश (बिजनौर व रामपुर) और कोटपूतली-बहरोड़ के निवासी भी शामिल हैं।
पुलिस की आमजन से अपील: निर्भीक होकर करें मतदान
"पुलिस प्रशासन आम नागरिकों को आश्वस्त करता है कि वे पूरी तरह निर्भीक होकर मतदान करें। किसी भी अपराधी, असामाजिक तत्व या भाईराज ग्रुप जैसे गिरोहों के डराने-धमकाने अथवा प्रलोभन में न आएं। पुलिस हर नागरिक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, इसे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।"



Comments
Post a Comment