जयपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, शक के चलते की थी वारदात


जयपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, शक के चलते की थी वारदात  
​जयपुर। राजधानी जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित आमोर रेजीडेंसी में अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से फोन बंद कर लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसे पुलिस ने भरतपुर से दबोचा।  
​पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के अनुसार, 19 अक्टूबर को ग्राम रामपुरा स्थित आमोर रेजीडेंसी के फ्लैट नंबर 901 में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान मोना जाटव (निवासी नगला परशुराम, जिला भरतपुर) के रूप में हुई। मृतका के भाई पारूल सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन अपने पति से अनबन के चलते अलग रह रही थी और पिछले एक साल से आमोर सोसायटी में युवराज सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि युवराज उसकी बहन की हत्या कर फरार हो गया है।  
​पुलिस ने मामला दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन, एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन और थानाधिकारी कविता यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया।  
​बसों में घूमकर काट रहा था फरारी
घटना के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार दिल्ली, आगरा और भरतपुर के बीच बसों में सफर करता रहा। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पीछा करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को दोबारा दिल्ली भागने से पहले भरतपुर के बी नारायण गेट से दस्तयाब कर लिया।  
​शक में की थी हत्या
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युगराज सिंह उर्फ युवराज सिंह उर्फ दीपक (27 वर्ष), निवासी गांव बछामदी, थाना चिकसाना (भरतपुर) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि वह मोना के साथ एक साल से लिव-इन में था और उसके किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने के शक के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को पकड़ने में एएसआई रामधन, हेड कांस्टेबल हंसराज (डीएसटी) और कांस्टेबल उमेश कुमार की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।



Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

सावधान एक गलत गुगल सचॅ आपको बना सकता है कगांल।15/8/19