पुलिस कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर पहल, पुलिस लाइन जयपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर एवं टॉक शो आयोजित
*पुलिस कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर पहल, पुलिस लाइन जयपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर एवं टॉक शो आयोजित*
जयपुर,23 अक्टूबर 2026। पुलिस कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए, पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल की पहल एवं मार्गदर्शन में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP), जयपुर द्वारा पुलिस लाइन, जयपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर एवं टॉक शो का आयोजन किया गया। यह पहल पुलिस कार्मिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएँ उपलब्ध कराने, तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता के अनुसार समय पर परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम के आयोजन में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती अनुष्ठा कालिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री पार्थ शर्मा, लाइन ऑफिसर श्री सागरमल, आरआई श्रीमती सपना पूनिया तथा पुलिस लाइन में पदस्थ डॉ. गिरिराज शर्मा का विशेष सहयोग एवं समन्वय रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कार्मिकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तनाव, अवसाद, चिंता, नशे से संबंधित समस्याओं एवं आत्महत्या की रोकथाम के संबंध में जानकारी प्रदान करना था। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान कर समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं मनोचिकित्सक डॉ. गजानंद वर्मा ने पुलिस सेवा में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुलिस कार्मिकों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान अनेक चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों, सकारात्मक जीवनशैली, भावनात्मक संतुलन तथा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के समय पर उपचार एवं परामर्श के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। टॉक शो के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
शिविर में Psychiatric Care Nurse श्री संजय मित्तल एवं Case Registry Assistant श्री मनीष कुमार सुनारीवाल द्वारा पुलिस कार्मिकों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं तथा व्यक्तिगत एवं गोपनीय काउंसलिंग सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बिना संकोच साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण के लिए संचालित निरंतर पहल का हिस्सा है। इस पहल के अंतर्गत नियमित जागरूकता गतिविधियों, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक उपचार के माध्यम से पुलिस कार्मिकों को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ कार्मिकों की कार्यक्षमता एवं समग्र कल्याण को सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस कार्मिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई। साथ ही अवगत कराया गया कि पुलिस कार्मिकों को नियमित मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को पुलिस लाइन डिस्पेंसरी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है, जहाँ आवश्यकता के अनुसार परामर्श, परीक्षण एवं उपचार संबंधी सेवाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जयपुर की यह निरंतर पहल पुलिस कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Comments
Post a Comment