मुहाना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले 5-5 हजार के तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार अवैध देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद, दो महीने से ठिकाने बदल कर काट रहे थे फरारी
अवैध देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद, दो महीने से ठिकाने बदल कर काट रहे थे फरारी
जयपुर।
जयपुर कमिश्नरेट के मुहाना थाना पुलिस ने जानलेवा हमले और फायरिंग के मामले में करीब दो महीने से फरार चल रहे पांच-पांच हजार रुपये के तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध देशी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
1200 रुपये की पेनल्टी को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, परिवादी लक्ष्मीनारायण ने 27 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह टाइल्स-मार्बल का ठेका लेता है। उसके गांव के ही शिवकेश मीणा ने उसके पास 16 दिन मजदूरी की थी। मजदूरी का पूरा भुगतान करने के बावजूद शिवकेश उससे 1200 रुपये बतौर पेनल्टी मांग रहा था। इनकार करने पर 26 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे शिवकेश ने लक्ष्मीनारायण को फोन कर बालाजी मंदिर, शिवशंकर कॉलोनी बुलाया।
वहां बाइक पर शिवकेश अपने साथी बतनसिंह और परिवादी के ताऊ के लड़के बलराम कंडेरा के साथ पहुंचा। बातचीत के दौरान शिवकेश ने हाथापाई शुरू कर दी और इसी बीच बलराम कंडेरा ने पिस्टल निकालकर लक्ष्मीनारायण व उसके भाई अजय पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली कान के पास से निकल गई। परिजनों को आता देख आरोपी भाग गए और कुछ देर बाद दूसरे रास्ते से आकर फिर फायरिंग की।
मुखबिर और तकनीकी शाखा की मदद से दबोचे गए आरोपी
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी अपनी पहचान छिपाकर और लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5000-5000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से सूचनाएं जुटाकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त:
बलराम कंडेरा (19 वर्ष) — निवासी परीता (करौली), हाल किरायेदार चंदलाई रोड, वाटिका (थाना सांगानेर)
शिवकेश मीणा (22 वर्ष) — निवासी परीता (करौली), हाल किरायेदार वाटिका (थाना सांगानेर सदर)
बतन सिंह मीणा (20 वर्ष) — निवासी परीता (करौली), हाल किरायेदार वाटिका (थाना सांगानेर सदर)
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भंवर लाल (2411) और कांस्टेबल दामोदर (10868) की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।



Comments
Post a Comment