जयपुर: बजाज नगर में नियमों की अनदेखी करने वाले 3 स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, 11 युवतियों सहित 19 लोग गिरफ्तार
जयपुर: बजाज नगर में नियमों की अनदेखी करने वाले 3 स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, 11 युवतियों सहित 19 लोग गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी जयपुर में अवैध गतिविधियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्तालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बजाज नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को इलाके के तीन प्रमुख स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों (गाइडलाइन) का पालन न करने के आरोप में 11 युवतियों और 8 युवकों सहित कुल 19 लोगों को धारा 170 बी.एन.एस.एस. (BNSS) के तहत गिरफ्तार किया गया।
इन तीन स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा (IPS) के अनुसार, अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली अनैतिक और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) शिवदयाल के सुपरविजन में बजाज नगर थाना पुलिस की एक विशेष संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ निम्नलिखित तीन स्पा सेंटरों की जांच की:
ग्लोरी थाई स्पा (टोंक पुलिया के पास)
कियारा थाई स्पा सेंटर (गोपालपुरा)
ए.पी. थाई स्पा (लक्ष्मी मंदिर सिनेमा के सामने)
जांच के दौरान पाया गया कि इन केंद्रों पर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा तय की गई अनिवार्य गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर पुलिस ने मौके से कुल 19 लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में बजाज नगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मुकेश चन्द, हैड कांस्टेबल अनिल कुमार व धर्मसिंह, कांस्टेबल कन्हैयालाल, राजकिशोर व महेन्द्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल रेखा शामिल रहे।
आमजन से अपील: व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर दें सूचना
पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि स्पा सेंटरों के खिलाफ यह नियमित चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आस-पास किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी जानकारी तुरंत जयपुर पूर्व पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment