जयपुर में स्टेट हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य सरगना गिरफ्तार
जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने स्टेट हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना कुशल सांसी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात डिग्गी रोड पर कमलेश मीणा और उनके दोस्त को कार सवार बदमाश जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि एक युवक को रास्ते में उतार दिया गया, जबकि कमलेश को जंगल में ले जाकर मारपीट की गई और पैसे मांगे गए। बदमाशों ने मोबाइल, चांदी की अंगूठियां और चेन भी छीन ली तथा जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को पहले गिरफ्तार किया। मुख्य सरगना कुशल सांसी वारदात में इस्तेमाल I-20 कार लेकर फरार हो गया था, जिसे लगातार दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल सांसी, सुरेश चौधरी, दीपक बलाई उर्फ दीप और सुनील जांगिड़ के रूप में की है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कुशल सांसी पूर्व में भी NDPS एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 126(2), 304(2), 351(2) और 352 BNS 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।



Comments
Post a Comment