जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार 56 ग्राम गांजा और 25,100 रुपये की बिक्री राशि बरामद
जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
56 ग्राम गांजा और 25,100 रुपये की बिक्री राशि बरामद
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 ग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा और बिक्री से प्राप्त 25,100 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण जयपुर राजर्षि राज, आईपीएस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ललित कुमार शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के निर्देशन में डीएसटी दक्षिण तथा थाना पत्रकार कॉलोनी पुलिस की टीम ने 10 अगस्त 2026 को संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिव्यांश गौतम के कब्जे से 31 ग्राम गांजा तथा रोहिताश गौतम के कब्जे से 25 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके साथ ही 25,100 रुपये की बिक्री राशि भी जब्त की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दिव्यांश गौतम (29) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश, हाल जयपुर तथा रोहिताश गौतम (27) निवासी भरतपुर, हाल जयपुर शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।



Comments
Post a Comment