जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लिफ्ट में पिस्तौल की नोक पर लूट का खुलासा, तीन गिरफ्तार
जयपुर, 11 अगस्त 2026: जयपुर पूर्व पुलिस ने जवाहर नगर थाना क्षेत्र में हुई एक साहसिक लूट की वारदात का खुलासा कर मुख्य आरोपी सहित तीन मुल्जिमानों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से सोने जैसी धातु की एक चेन, एक अंगूठी और एक हाथ का कड़ा बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त दो स्कूटी और एक वैन्चू कार भी जप्त की गई है। चौथे आरोपी मोहित की तलाश अभी जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्रीमती रंजीता शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि लूट, चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अति. पुलिस उपायुक्त श्री पारस मल जैन और सहायक पुलिस आयुक्त आदर्शनगर श्री सुरेन्द्र सिंह बांगड़वा के सुपरविजन में थानाधिकारी जवाहर नगर श्रीमती सरला यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
घटना का विवरण
3 अगस्त 2026 को प्रातः करीब 7:25 बजे परिवादी नवीन कुमार शर्मा (37 वर्ष), निवासी फ्लैट नंबर 301, प्लॉट नंबर 308, सांई कृपा अपार्टमेंट, सिंधी कॉलोनी, राजापार्क ने जिम (मिशन फिटनेस, बर्फखाना) जाने के लिए घर से निकले। जिम करके करीब 8:30-8:35 बजे अपार्टमेंट वापस लौटे। स्कूटी पार्क कर लिफ्ट में गए। लिफ्ट में मनीषा नाम की लड़की भी थी। तभी दो नकाबपोश युवक लिफ्ट में घुस आए। उन्होंने चौथी मंजिल पर अमित से मिलने की बात कही। जब परिवादी ने बताया कि बिल्डिंग में अमित नाम का कोई नहीं रहता, तो उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर तान दी और धमकी देकर सोने की चेन, सोने का कड़ा, सोने की अंगूठी तथा एक चाँदी की अंगूठी छीन ली। आरोपी फरार हो गए।
परिवादी की रिपोर्ट पर थाना जवाहर नगर में अभियोग संख्या 171/2026 धारा 309(4) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाया कि आरोपी दो स्कूटियों पर सवार होकर आए थे। उन्होंने बैंक मैनेजर (परिवादी) की जिम जाते-आते समय रैकी की थी और लिफ्ट में मौका देखकर हथियार की नोक पर लूट की।
टीम ने करीब 20 किलोमीटर क्षेत्र में लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। तकनीकी सहायता से अपराधियों का रूट मैप तैयार किया गया। थाना टीम के श्री अशोक कुमार (कनि. 9462) और श्री धर्मपाल (कनि. 12592) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। करीब 600 किलोमीटर पीछा कर मुल्जिमान रोनित यादव, तनिष्क रॉय और रवि प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। उनसे लूटा गया माल और वाहन बरामद हुए।
तरीका वारदात
मुख्य आरोपी रोनित यादव ने अपने साथियों तनिष्क रॉय, रवि प्रकाश और मोहित के साथ मिलकर योजना बनाई। वे परिवादी के साथ ही जिम जाते थे। रैकी कर टारगेट बनाया, लिफ्ट में हमला किया और लूट के बाद मौज-शौक के लिए रेंटल कार लेकर मसूरी (उत्तराखंड) चले गए।
गिरफ्तार आरोपी
रोनित यादव (24), पुत्र अजीत सिंह यादव, निवासी गुड़िया कलां, पोस्ट माडंण, थाना माडंण, जिला कोटपुतली-बहरोड़। हाल किरायेदार मकान नंबर जी-1/653, सिंधी कॉलोनी, थाना जवाहर नगर।
रवि प्रकाश (25), पुत्र लीलाराम (मीणा), निवासी गुवाडा जमादार, पोस्ट अजबगढ़, थाना प्रतापगढ़, जिला अलवर। हाल सरकारी रेलवे क्वार्टर, अजमेर।
तनिष्क रॉय (22), पुत्र स्व. आलोक रॉय, निवासी मकान नंबर 21, श्रीराम कॉलोनी, सैगा हाउसिंग बोर्ड, सैंधी, थाना सदर सैंधी, चित्तौड़गढ़। हाल किरायेदार वही पता (सिंधी कॉलोनी)।
टीम के सदस्य
थानाधिकारी श्रीमती सरला यादव के नेतृत्व में श्री उदयवीर सिंह (एसआई), श्री अशोक कुमार, श्री धर्मपाल, श्री मुकेश कुमार, श्री बाबूलाल, श्री कैलाश चन्द और तकनीकी सहायक श्री गौरव सोलंकी (हेड कनि.) शामिल थे। विशेष भूमिका अशोक, धर्मपाल, कैलाश और गौरव सोलंकी की रही।
पुलिस ने बताया कि चौथे आरोपी मोहित की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
class=" " title="" alt="">

Comments
Post a Comment