राशन डीलर की लापरवाही से लोगों को नहीं मिल रहा निर्धारित राशन,उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
राशन डीलर की लापरवाही से लोगों को नहीं मिल रहा निर्धारित राशन,उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
जयपुर - गरीबों की मदद के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनओं के जरिए सरकार की ओर से गरीबों का कल्याण किया जाता है और उनका हित देखा जाता है। वहीं सरकार की ओर से इसके लिए भी प्रबंध किया जाता है कि कोई भी नागरिक देश में भूखा न रहे और उसे जीवनयापन के लिए जरूरी अनाज मिले। सरकार की ओर से नागरिकों की सुविधाओं के लिए राशन कार्ड उपलब्ध करवाया जाता है जिसके जरिए वह आसानी से कम कीमत में गेहूं प्राप्त कर सकता है। लेकिन गुलाबी नगरी के गोनेर और शास्त्री नगर इलाके में राशन डीलरों की लापरवाही से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि राशन डीलर सरकार की ओर से निर्धारित राशन कम देता है। जिसके चलते उपभोक्ताओं का राशन डीलर के प्रति आक्रोश है।
उपभोक्ताओं ने कई बार इसकी उच्च अधिकारियों को शिकायत भी की,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से राशन डीलर अपनी मनमानी कर रहे हैं। वहीं कई महिला उपभोक्ताओं का भी आरोप है कि कई बार उचित मूल्य की दुकान पर चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें उनके हिस्से का राशन नहीं मिलता। कई लोग तो ऐसे हैं जो मेहनत मजदूरी करने जाते हैं। लेकिन राशन लेने के लिए उन्हें छुट्टी करनी पड़ती है उसके बाद भी उन्हें राशन नहीं मिलता। कभी पोस मशीन में नेटवर्क की समस्या रहती है जिसकी वजह से लंबी-लंबी कतारें भी लग जाती है। उपभोक्ताओं ने राशन डीलर से निर्धारित राशन कम देने की बात कही तो राशन डीलर ने कहा कि सरकार की ओर से ही राशन कम मिल रहा है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास आम नागरिक को उनके हिस्से का राशन समय पर मिलने का दावा तो करते हैं लेकिन इन दावों की हकीकत तो साफ नजर आ रही है कि कैसे एक नागरिक को अपने हिस्से का राशन प्राप्त करने के लिए उसे कितना जद्दोजहद करना पड़ रहा है।
Comments
Post a Comment