जयपुर में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट का खुलासा: कैश कलेक्शन बैग छीनने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, ₹18.93 लाख बरामद जयपुर:

जयपुर में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट का खुलासा: कैश कलेक्शन बैग छीनने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, ₹18.93 लाख बरामद
जयपुर:
जयपुर कमिश्नरेट के नाहरगढ़ थाना पुलिस ने दिनदहाड़े कैश कलेक्शन के लाखों रुपये लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 18 लाख 93 हजार रुपये, एक मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है।  
क्या था मामला?
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा के अनुसार, परिवादी चम्पालाल ने नाहरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को वह अपने साथी हितेश कुमार के साथ सीकर हाउस से व्यापारियों से कैश कलेक्शन कर जयलाल मुंशी का रास्ता पर एक दुकान पर पहुंचे थे। हितेश पेमेंट लेने दुकान के अंदर गया था, जबकि चम्पालाल बाहर स्कूटी पर बैठे थे और रुपयों से भरा बैग स्कूटी के पायदान पर रखा हुआ था।  
इसी दौरान स्कूटी पर दो युवक आए और पायदान पर रखा बैग झपटकर फरार हो गए। बैग में करीब 20 लाख रुपये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।  
100 से अधिक CCTV खंगाले, 48 घंटे में दबोचे आरोपी
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत के सुपरविजन और एसीपी ओमप्रकाश गोदारा के नेतृत्व में नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और बदमाशों के भागने के रास्तों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कांस्टेबल विजय कुमार और रविन्द्र की सटीक सूचना पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को धर दबोचा।  
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
मो. फैजान (20 वर्ष) — निवासी चीनी की बुर्ज, गणगौरी बाजार (हाल निवासी: राणा कॉलोनी, शास्त्री नगर)।  
मो. आदिल (21 वर्ष) — निवासी कल्याण जी का रास्ता (हाल निवासी: कच्ची बस्ती कब्रिस्तान, भट्टाबस्ती)।  
कैफ (21 वर्ष) — निवासी पेन्टर कॉलोनी, शास्त्री नगर (हाल निवासी: बिलाल मस्जिद के पीछे, भट्टाबस्ती)।  
नशे और महंगे शौक के लिए करते थे रैकी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। वे पहले ऐसे लोगों की रैकी करते थे जो भारी मात्रा में नकदी लाने-ले जाने का काम करते हैं और मौका मिलते ही झपट्टा मारकर फरार हो जाते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner