मौरिजा पंचायत चुनाव उपद्रव मामला: पीठासीन अधिकारी से मारपीट और पथराव कराने वाला मुख्य आरोपी सुरेश सैनी गिरफ्तार सामोद/जयपुर ग्रामीण।



मौरिजा पंचायत चुनाव उपद्रव मामला: पीठासीन अधिकारी से मारपीट और पथराव कराने वाला मुख्य आरोपी सुरेश सैनी गिरफ्तार
सामोद/जयपुर ग्रामीण।
ग्राम मौरिजा में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर पथराव कराने, मतपेटियां लूटने की कोशिश और पीठासीन अधिकारी से मारपीट करने के मामले में सामोद थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश कुमार सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी 'खुशबू होटल' का संचालक है और सरपंच पद की प्रत्याशी प्रतिभा सैनी का पति है। पुलिस इस मामले में 'वोट चोरी' की अफवाह फैलाने वाले एजेंट भगतसिंह लखेरा को पहले ही जेल भेज चुकी है।  
हार की आशंका से भीड़ को भड़काया, मतपेटियां लूटने की रची थी साजिश
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 24 अक्टूबर को मौरिजा स्थित राजकीय कन्या पाठशाला के मतदान केंद्र (बूथ संख्या 54) पर मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतपेटियों को सील किया जा रहा था। इसी दौरान हार की संभावना देखकर प्रत्याशी प्रतिभा सैनी के पति सुरेश सैनी, अन्य प्रत्याशी ममता देवी के ससुर मंगलचंद सैनी (पूर्व सरपंच) और उनके साथियों ने माहौल बिगाड़कर पुनर्मतदान कराने की नीयत से ग्रामीणों को उकसाया।  
भीड़ ने 'वोट चोरी' की अफवाह के बाद मतदान केंद्र पर धावा बोल दिया, कमरों की खिड़की-जंगलियां तोड़ीं और पीठासीन अधिकारी के कपड़े फाड़कर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया और एक उपनिरीक्षक का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया गया।  
पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ पथराव, हाईवे किया था जाम
करीब 200 से 250 लोगों की उग्र भीड़ ने मतदान केंद्र पर अंधाधुंध पथराव कर मतपेटियां छीनने का प्रयास किया, जिसमें एएसआई शेरसिंह और कांस्टेबल मोहनलाल सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद उपद्रवियों ने चौमूं-चंदवाजी स्टेट हाईवे 8-बी पर जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को संभाला।  
वीडियो फुटेज से अन्य उपद्रवियों की पहचान जारी
सामोद थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं व पीडीपीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर एएसपी नीरज पाठक और सीओ शिवा शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी हेमराज सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सुरेश कुमार सैनी (34), निवासी चार दुकान, मौरिजा को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner