सांगानेर सदर: शराब के नशे में कलह से तंग आकर पत्नी व बेटे ने की 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, शव कट्टे में बांधकर झाड़ियों में फेंका
सांगानेर सदर: शराब के नशे में कलह से तंग आकर पत्नी व बेटे ने की 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, शव कट्टे में बांधकर झाड़ियों में फेंका
• सूचना मिलने के महज 5 घंटे में पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश
• धारदार हथियार से की थी हत्या; दोनों आरोपी पहले से एक अन्य मर्डर केस में जमानत पर चल रहे थे
जयपुर।
राजधानी के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह और शराब की लत के चलते एक कलयुगी बेटे और पत्नी द्वारा 75 वर्षीय बुजुर्ग की नृशंस हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में सांगानेर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 5 घंटे के भीतर ही अंधे कत्ल का राजफाश कर मृतक के बेटे और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
खाली प्लॉट की झाड़ियों में कट्टे में बंधा मिला शव
डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 20 अगस्त को तड़के करीब 3:35 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गोविन्दपुरा स्थित पानी की टंकी व 36 दुकान के पास एक खाली प्लॉट में कंबल में लपेटा हुआ शव पड़ा है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही है।
सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। वहां चारदीवारी वाले खाली प्लॉट की झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में बंद एक वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान जगदीश चौधरी (75 वर्ष) पुत्र गोपीराम जाट, निवासी हमीरपुर (टोडारायसिंह, टोंक), हाल निवासी जेडीए कॉलोनी गोविन्दपुरा के रूप में हुई। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) मोबाइल यूनिट को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए।
संदेह होने पर सख्ती से पूछताछ में टूटा परिवार
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा और एसीपी (चाकसू) भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को मृतक के बेटे सवाईराम जाट (40) और पत्नी सजना उर्फ सजनी (70) के हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब पुलिस टीम व साइबर सेल ने दोनों से मनोवैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वारदात की वजह: शराब की लत और रोज का क्लेश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक जगदीश चौधरी शराब पीने का आदी था और आए दिन शराब के नशे में अपनी पत्नी व बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर बेटे सवाईराम और पत्नी सजना देवी ने मिलकर जगदीश की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को प्लास्टिक के कट्टे व कंबल में बांधकर पास ही एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में फेंक दिया।
पहले से मर्डर केस में जमानत पर हैं दोनों आरोपी
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि गिरफ्तार आरोपी सवाईराम और उसकी मां सजना देवी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। दोनों आरोपी टोंक जिले के पचेवर थाने में दर्ज एक महिला की हत्या के मुकदमे (मु.नं. 82/2023) में वर्तमान में न्यायालय से जमानत पर बाहर चल रहे थे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
वारदात का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रामरतन, साइबर सेल के हैड कांस्टेबल लोकेश कुमार व रामसिंह, तथा कांस्टेबल प्रेम चौधरी, संदीप, हनुमान और नरेश शामिल रहे।




Comments
Post a Comment