राजापार्क में स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर हत्या का प्रयास: आदर्श नगर पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए

राजापार्क में स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर हत्या का प्रयास: आदर्श नगर पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए
जयपुर। राजापार्क मार्केट में स्कॉर्पियो कार से जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या का प्रयास करने वाले मामले में आदर्श नगर थाना पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को इससे पहले ही पकड़ा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्रीमती रंजीता शर्मा आईपीएस ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवादी मुशर्रफ कुरैशी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 6 जुलाई 2026 की रात वह राजापार्क 






मार्केट में अपने दोस्त के साथ गया था। वापस लौटते समय एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सलमान कुरैशी, फरमान कुरैशी और अन्य 4-5 लड़के हथियार लेकर आए। उन्होंने जान से मारने की नीयत से उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों उछलकर दूर गिर गए। बचकर भागने पर स्कॉर्पियो ने उनका पीछा कर हमला भी किया।
रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी आदर्श नगर को अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री पारसमल जैन आरपीएस के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आदर्श नगर जितेन्द्र सिंह आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी छगन डांगी पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी सलमान कुरैशी की परिवादी से पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते सलमान ने अन्य साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया। सलमान और फरमान दोनों अपराधी प्रवृत्ति के हैं और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए निवास स्थान छोड़कर फरार हो गए थे।
मुखबीर की सूचना पर मुख्य आरोपी सलमान कुरैशी को पहले ही हसनपुरा से गिरफ्तार कर लिया गया था और घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई थी। इसके बाद निरंतर तलाश के दौरान मुखबीर की सूचना पर फरमान और शाहिद कुरैशी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
फरमान पुत्र पप्पु कुरैशी, उम्र 29 वर्ष, निवासी प्लाट नंबर 60, राजीव नगर कच्ची बस्ती, बादर बाक्स के पीछे वाली गली, हसनपुरा, थाना सदर, जयपुर पश्चिम।
शाहिद कुरैशी पुत्र मौहम्मद सलीम, उम्र 27 वर्ष, निवासी प्लाट नंबर 26, सैयद कॉलोनी, चार दरवाजा, थाना गलतगेट, जयपुर उत्तर।
गठित टीम में थानाधिकारी छगन डांगी के अलावा श्री रामावतार, श्री उमेश चन्द और श्री विधाधर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि पूरे अभियान में विधाधर की विशेष भूमिका रही।
फरमान के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें जयपुर पश्चिम, कोतवाली और सोडाला थानों के मामले शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19