फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोप, 5 साल से फरार आरोपी कमल व्यास गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोप, 5 साल से फरार आरोपी कमल व्यास गिरफ्तार
जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने और उसे बेचने के मामले में करीब पांच साल से फरार चल रहे आरोपी कमल व्यास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में दर्ज मामले में आरोप लगाया गया था कि मोहनपुर, तहसील सांगानेर स्थित कृषि भूमि से संबंधित हिस्से को हड़पने के उद्देश्य से आरोपी ने कथित तौर पर कूटरचित वसीयत के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया। इसके बाद जमीन के एक हिस्से को करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये में बेचने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और दबिश के बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपी कमल व्यास पुत्र गोपाल व्यास, निवासी मोहनपुर, सांगानेर, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुहाना थाने में वर्ष 2022 और 2023 के दौरान मारपीट, धोखाधड़ी, कूटरचना, चोरी, अवैध प्रवेश सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज, IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर के सुपरविजन में मुहाना थाना पुलिस की टीम द्वारा की गई।
Comments
Post a Comment