जयपुर: रंगदारी की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद
जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने रंगदारी की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना के बाद आरोपी राजस्थान छोड़कर नेपाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश समेत कई जगहों पर फरार घूम रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि परिवादी की लिखित रिपोर्ट के अनुसार बनोपार्क थाने के हिस्ट्रीशीटर हिमांशु जागिड, विशु सारासर, समीर खान, मकरान, वसीम खान समेत 10-15 अन्य लोग दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार होकर आए। उन्होंने जमीन की देखभाल करने वाले अनिल टांक से निक्की शर्मा के बारे में पूछा और धमकी दी कि अगर धंधा करना है तो रंगदारी देनी होगी, वरना जान से मार देंगे। आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने कई मर्डर कर रखे हैं और पुलिस प्रशासन कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस को सूचना देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।
प्रकरण दर्ज होने के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर (प्रथम) श्री आलोक सिंघल के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त आमेर श्री प्रतीक सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़, उप निरीक्षक हरिओम सिंह समेत विशेष टीम गठित की गई। टीम में गंगाधर कानि, राजुराम कानि, नरेश कानि, ओमप्रकाश कानि और नन्दुराम कानि शामिल थे।
गंभीरता को देखते हुए और आरोपियों के खिलाफ पूर्व हत्या समेत संगीन प्रकरण दर्ज होने के कारण संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की कार्रवाई के चलते आरोपी जयपुर और राजस्थान छोड़कर जगह-जगह शरण लेने लगे। तकनीकी सहयोग, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर अभियुक्त विश्वास सारासर उर्फ विशु को सदर थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसकी इत्तिला पर धमकी देने में प्रयुक्त देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी विश्वास सारासर उर्फ विशु, पुत्र मुरारी लाल सारासर, उम्र 27 वर्ष, जाति वाल्मिकी, निवासी मकान नंबर 20, अरविंद नगर, बडोदिया कच्ची बस्ती के पास रेलवे स्टेशन रोड, थाना सदर जयपुर पश्चिम का है। आरोपी ने बताया कि प्रार्थी के जमीन खरीद-फरोख्त के काम के कारण उससे प्लाट और रुपये ऐंठने की नीयत से धमकी देकर रंगदारी की मांग की गई थी।
प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Comments
Post a Comment