जयपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। जयपुर दक्षिण के शिवदासपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में जयपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रकरण में चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा अन्य पांच चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के उद्देश्य से वाहन चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को जयपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से गांवों में ले जाकर सस्ते दामों पर बेचने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त 2026 को एक पीजी के बाहर से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मुख्य आरोपी रामकेश गुर्जर उर्फ नानू और उसके साथी लोजराज को गिरफ्तार किया गया।
बरामद मोटरसाइकिलों में बजाज नगर, नारायण विहार, प्रताप नगर, एयरपोर्ट और जामडोली थाना क्षेत्रों से संबंधित बाइक शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों में संलिप्तता बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकेश गुर्जर उर्फ नानू (28), निवासी पावट, महुआ, जिला दौसा और लोजराज (20), निवासी लावन, महुआ, जिला दौसा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।



Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19