जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार; 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार; 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
जयपुर (विशेष संवाददाता)।
जयपुर शहर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर नकेल कसते हुए जयपुर ईस्ट की रामनगरिया थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले दो शातिर आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से जयपुर शहर और दौसा जिले के विभिन्न इलाकों से चुराई गई कुल 06 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
मौज-मस्ती के लिए करते थे चोरी
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) आईपीएस रंजीता शर्मा ने बताया कि जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशों पर शहर में वाहन चोरी की वारदातों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन व सहायक पुलिस आयुक्त (सांगानेर) दीपक खण्डेवाल के सुपरविजन तथा रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन चोर हैं, जो मौज-मस्ती व अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी भीड़-भाड़ वाले स्थानों व प्रतिष्ठानों से दूर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे और चोरी कर उन्हें सुनसान जगहों पर छिपा देते थे। बाद में चुराई गई बाइक को बेचकर मिलने वाले पैसों से मौज-मस्ती करते थे।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
पुष्पेन्द्र उर्फ छप्पन (उम्र 24 वर्ष) पुत्र श्री गोविन्द सहाय मीणा, निवासी विलापाडा, थाना नादौती, जिला करौली।
अजय राज मीणा उर्फ भूरा (उम्र 23 वर्ष) पुत्र श्री चेतराम मीणा, निवासी गांव घाटोली, थाना नादौती, जिला करौली।
मामले का विवरण एवं बरामदगी
रामनगरिया थाने में परिवादी ने मामला दर्ज करवाया था कि ज्ञान विहार कॉलेज के पास (पिंक सिटी एन्क्लैव) खड़ी उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (RJ14SA6831) चोरी हो गई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों के आने-जाने के मार्गों का निर्धारण किया। मुखबिर की सूचना और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने 30 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दर्जनों चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं, जिनसे अन्य कई वारदातें खुलने की संभावना है।
पूर्व में भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर एवं आदतन अपराधी हैं:
अजय राज मीणा उर्फ भूरा: इसके खिलाफ पूर्व में जयपुर के जवाहर नगर व रामनगरिया थानों में चोरी के 4 प्रकरण दर्ज हैं।
पुष्पेन्द्र उर्फ छप्पन: इसके खिलाफ बालाहेड़ी (दौसा) और रामनगरिया थाने में मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर, हेड कांस्टेबल प्रभुदयाल, कांस्टेबल विनोद कुमार, मुनेश, शंकरलाल, गणेश शामिल थे। कार्रवाई में कांस्टेबल शिवपाल (9690) की विशेष व अहम भूमिका रही।


Comments
Post a Comment