चौमूं खेल स्टेडियम में युवक पर हमले का मामला, 5 घंटे के धरने के बाद शांत हुआ आक्रोश
चौमूं खेल स्टेडियम में युवक पर हमले का मामला, 5 घंटे के धरने के बाद शांत हुआ आक्रोश
चौमूं। वीर हनुमान मार्ग स्थित खेल स्टेडियम में एक युवक के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले के आरोपों को लेकर उपजा विवाद रविवार को काफी गरमा गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के भरोसे के बाद धरना समाप्त हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेल स्टेडियम में एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित युवक को न्याय दिलाया जाए।
मामले को शांत कराने के लिए चौमूं एसीपी कृष्णराज जांगिड़ और थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और ग्रामीणों से समझाइश करते हुए भरोसा दिलाया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के एक आरोपी को डिटेन कर लिया। इसके बाद पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा मिलने पर करीब पांच घंटे से चल रहा धरना समाप्त किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम शर्मा और आरएलपी नेता छुट्टन यादव भी मौजूद रहे। इनके अलावा माली समाज अध्यक्ष हीरालाल पाच्यां, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैनी, पूर्व अध्यक्ष दिनेश तिगरिया, श्रवण सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई तथा सभी नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के आश्वासन के बाद फिलहाल धरना समाप्त हो गया है। अब पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment