जयपुर में दुपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। जयपुर दक्षिण के शिवदासपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जयपुर शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। तकनीकी सहायता से पुलिस टीम ने आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेन्द्र बैरवा (19), लोकेश वर्मा (18), स्वराज रैगर (19) और हेमराज बैरवा (22) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर में दुपहिया वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शौक-मौज के लिए वाहन चोरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों से 5 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोटरसाइकिलों के चैसिस व अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद वाहनों और पार्ट्स को लेकर आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है। साथ ही चोरी के वाहन और उनके पार्ट्स बेचने के संबंध में भी जांच जारी है।
पुलिस टीम में शिवदासपुरा थाने के उप निरीक्षक मनमोहन एवं घनश्याम सहित कांस्टेबल संतोष, कानाराम तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार शामिल रहे।


Comments
Post a Comment