दूदू में 21.5 किलो डोडा चूरा की तस्करी का मामला: ढाई महीने से फरार मुख्य सप्लायर हरचन्द ढाका गिरफ्तार
दूदू में 21.5 किलो डोडा चूरा की तस्करी का मामला: ढाई महीने से फरार मुख्य सप्लायर हरचन्द ढाका गिरफ्तार
अभियान 'एंटी वेनम' के तहत मौजमाबाद थाना पुलिस को मिली सफलता, आरोपी पर पूर्व में दर्ज हैं 4 आपराधिक मामले
मौजमाबाद / दूदू (विशेष संवाददाता)।
जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान 'एंटी वेनम' के तहत मौजमाबाद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने डोडा चूरा सप्लाई करने के मामले में पिछले ढाई महीने से फरार चल रहे वांछित आरोपी हरचन्द ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि गत 14 जून 2026 को दूदू थानाधिकारी मय टीम द्वारा एनएच-48 स्थित भादू भाई होटल पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुशील उर्फ शिवा (निवासी सारण नगर, जोधपुर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 21 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया गया था। दूदू थाने में मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान मौजमाबाद थानाधिकारी को सौंपा गया।
पूछताछ में हुआ था खुलासा:
आरोपी सुशील उर्फ शिवा से गहन अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि उसने यह मादक पदार्थ हरचन्द ढाका पुत्र रामजीवण (जाति जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी ढाकों की ढाणी, बांदरसिंदरी, जिला अजमेर) से खरीदा था। इसके बाद से ही सप्लायर हरचन्द ढाका फरार चल रहा था।
तकनीकी सहायता से दबोचा:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा व वृत्ताधिकारी दूदू अनुपम मिश्रा के निर्देशन तथा मौजमाबाद थानाधिकारी नरेश कँवर (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम (हेड कांस्टेबल घनश्याम, कांस्टेबल महेंद्र सिंह व भंवर लाल) ने आसूचना संकलन व तकनीकी सहायता के जरिए अथक प्रयास करते हुए आरोपी हरचन्द ढाका को धर दबोचा।


Comments
Post a Comment