जयपुर: सिंधीकैम्प थाना पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 45 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी जयपुर में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना सिंधीकैम्प ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 45 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ सप्लायर और खरीदार दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त एक कार को जब्त किया है।
कार में डिलीवरी लेते रंगे हाथों दबोचा
सीएसटी (CST) आयुक्तालय जयपुर की सूचना पर पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन व थानाधिकारी वन्दना नरूला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने स्टेशन रोड पर सघन निगरानी शुरू की। इस दौरान कार में स्मैक की डिलीवरी दे रहे सप्लायर और माल मंगवाने वाले मुख्य तस्कर को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 ग्राम स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल कार (RJ 45 CD 6445) जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
झालावाड़ नेटवर्क से जुड़े हैं तार
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिनेश तंवर अकलेरा (झालावाड़) निवासी कैलाश तंवर से स्मैक खरीदकर जयपुर में मोहम्मद कय्यूम को सप्लाई करने आया था। पुलिस अब झालावाड़ नेटवर्क और जयपुर में फैले स्थानीय सप्लाई चेन को लेकर आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
* दिनेश तंवर (26 वर्ष): निवासी गांव बरखेड़ा, थाना खिलचीपुर, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश)
* मोहम्मद कय्यूम (52 वर्ष): निवासी अजंता विहार, दिल्ली बाईपास रोड, थाना गलता गेट, जयपुर
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
थानाधिकारी वन्दना नरूला (पुलिस निरीक्षक), कांस्टेबल अनिल कुमार (4977), कांस्टेबल सुबेसिंह (8903), कांस्टेबल सतवीर (9391) एवं कांस्टेबल श्रवण कुमार (11866)।



Comments
Post a Comment